चाँद पर पानी

माँ मुझको इक यान मंगा दो मैं भी चाँद पर जाउंगा
मेरी बहुत बड़ी इच्छा है मामा से मिल कर आऊंगा
सुना है मामा जी के घर में पानी का भंडार मिला है
कुछ लोगों के वहां भी देखो रहने का आधार मिला है
जाकर देखूं मामा के घर क्या खाते क्या पीते हैं
देखूं उनका रहन-सहन कैसे वे सब जीते है
उनसे कहूँगा जा करके मैं पानी खूब बचा कर रखना
जीवन का अनमोल खजाना इसको सदा बचा कर रखना
यहाँ हमारी धरती पर तो खूब पानी बरबाद किया है
अपने सुख के लिए तो हमने पर्यावरण का नाश किया है
तभी तो देखो पानी हमसे धीरे –धीरे रूठ रहा है
नदी ताल कुंआ औ पोखर सब कुछ देखो सूख रहा है
जल को सदा बचा कर रखना एक संदेशा दे आऊंगा
माँ मुझको इक यान मंगा दो मैं भी चाँद पर जाउंगा |












